Tuesday, October 20th, 2026

BJP का राहुल गांधी पर तीखा वार, कहा- देश को तोड़ने वालों का करते हैं समर्थन

नई दिल्ली 
भाजपा ने शुक्रवार को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर तिरंगे का अपमान और देश तोड़ने की हिमाकत करने वाले अराजक तत्वों का समर्थन करने का आरोप लगाया और कहा कि वह चाहते हैं कि देश में कानून-व्यवस्था भंग हो। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राहुल गांधी पर 26 जनवरी को किसानों की ट्रैक्टर परेड में घायल पुलिसकर्मियों के प्रति संवेदना व्यक्त ना करने के लिए भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने ऐलान कर दिया कि 26 जनवरी को जो दृश्य देश ने देखा, वही हिंसा। उनका मानना है कि जल्द ही राष्ट्र के हर शहर तक जनता यही हिंसा देख पाएगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत की राजनीति में पहली बार किसी नेता को शांति का आह्वान करने की बजाय अराजक तत्व देश में आग कैसे लगाएं, उसका आह्वान करते देखा गया। उन्होंने कहा, कांग्रेस नेता की मंशा मात्र बचकाने बोल बोलने की नहीं थी, आज उनकी मंशा सिर्फ और सिर्फ देश में आग लगाने की थी जिसका हम खंडन करते हैं। अमेठी से सांसद ईरानी ने कहा कि 26 जनवरी को राजधानी दिल्ली की सड़कों पर देश ने जो मंजर देखा, देश उसे कभी नहीं भूल पाएगा, जिसमें 300 से ज्यादा दिल्ली पुलिस कर्मी घायल हुए।  उन्होंने कहा कि कई मीडियाकर्मियों पर हमले हुए। यहां तक कि महिला पुलिसकर्मियों को घेरकर मारने का प्रयास हुआ। राष्ट्र नहीं भूलेगा वो मंजर, जब पुलिस और मीडियाकर्मियों को ट्रैक्टर से मारने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा, लेकिन आज राहुल गांधी के मुख से एक भी घायल पुलिस कर्मी के लिए सांत्वना के शब्द नहीं निकले। राहुल गांधी के मुख से एक भी मीडियाकर्मी, जिन पर हमला हुआ, उनके लिए संवेदना के एक भी शब्द सुनाई नहीं दिए।

'किसान आंदोलन खत्म नहीं होगा, यह और फैलेगा'
इससे पहले, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सरकार का आगाह करते हुए उन्होंने कहा कि कृषि कानूनों को खत्म कर जल्द समस्या का समाधान निकाला जाना चाहिए। क्योंकि, यह आंदोलन सिर्फ दिल्ली बॉर्डर तक नहीं रुकेगा। यह आंदोलन पूरे देश में जाएगा। साथ ही उन्होंने कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस उनके साथ है। पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए राहुल गांधी ने तीनों कानूनों के नुकसान समझाते हुए कहा कि पूरे देश के किसान कानूनों के बारे में समझने लगे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी यूपी और राजस्थान के किसान हालात को समझ गए थे, इसलिए आंदोलन पर उतर आए। पर यह आंदोलन पूरे देश में फैलेगा, क्योंकि सभी प्रदेशों के किसान इन कानूनों से होने वाले नुकसान के बारे में समझने लगे हैं।

 

#BJP

Source : Agency

पाठको की राय